स्पेन ने लेबनान पर इजराइली हमलों की निंदा की, तेहरान में फिर से दूतावास खोलने की घोषणा

 


तेहरान, 09 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच दो हफ़्ते के संघर्ष विराम की घाेषणा के बीच स्पेन ने इजराइल के लेबनान पर किए गए हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है। स्पेन के विदेश मंत्री जोस मैनुअल अल्बारेस ने इन हमलों को अंतरराष्ट्रीय कानून और हालिया संघर्ष विराम का उल्लंघन बताया। इसके साथ ही स्पेन ने क्षेत्र में शांति प्रयासों को मजबूत करने के लिए तेहरान में अपना दूतावास फिर से खोलने का फैसला किया है।

ईरान की संवाद समिति तसनीम न्यूज़ एजेंसी ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया के हवाले से बताया कि गुरुवार को स्पेन के विदेश मंत्री जोस मैनुअल अल्बारेस ने इजराइल की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि इजराइल ने लेबनान पर हवाई हमले करके अंतरराष्ट्रीय कानून और मध्य पूर्व में हाल ही में हुई दो हफ़्ते की संघर्ष-विराम संधि का उल्लंघन किया है। अल्बारेस ने यह भी घोषणा की कि स्पेन इस क्षेत्र में शांति स्थापित करने की उम्मीद में तेहरान में अपना दूतावास फिर से खोलेगा।

अल्बारेस ने पत्रकारों से कहा कि मैंने तेहरान में अपने राजदूत को निर्देश दिया है कि वे वापस लौटें, अपना पदभार फिर से संभालें और हमारे दूतावास को फिर से खोलें। हम हर संभव माध्यम से, जिसमें खुद ईरानी राजधानी भी शामिल है, शांति के इस प्रयास में अपना योगदान देना चाहते हैं।

स्पेन शुरू से ही ईरान और लेबनान पर अमेरिका और इजराइल की सैन्य कार्रवाइयों का सबसे मुखर आलोचक रहा है। उसने ऐसे किसी भी विमान के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था जो इस सैन्य संघर्ष में शामिल हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी