इजराइल का दावा : हिज्बुल्लाह की 'रदवान फोर्स' कमांडर अबू खलील बरजी मारा गया

 


बेरूत, 22 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच दक्षिणी लेबनान काे लेकर इजराइल ने बड़ा दावा किया है। इजरायली रक्षा बल (आईडीएफ) के मुताबिक, ताज़ा हवाई हमले में हिज़्बुल्लाह के स्पेशल ऑपरेशंस कमांडर अबू खलील बरजी को मार गिराया गया है। इस हमले के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

तुर्किये की संवाद समिति अनाडाेलू एजेंसी (एए) के अनुसार, रविवार को आईडीएफ ने दावा किया कि उसने दक्षिणी लेबनान में एक हवाई हमले में हिज़्बुल्लाह के सीनियर कमांडर और दो अन्य सदस्यों को मार गिराया है। सेना के अनुसार, मारे गए कमांडर की पहचान अबू खलील बरजी के रूप में हुई है, जो हिज़्बुल्लाह की ‘रदवान फोर्स’ की स्पेशल ऑपरेशन यूनिट का नेतृत्व कर रहा था। यह हमला शनिवार को दक्षिणी लेबनान के मजदल सेलम क्षेत्र में किया गया।

आईडीएफ का कहना है कि रदवान फोर्स इजराइली सेना के खिलाफ हमलों की योजना बनाने और उसे अंजाम देने में शामिल रही है। हालांकि, इस दावे पर अभी तक हिज़्बुल्लाह की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

इजराइल ने लेबनान में अपने सैन्य अभियान को और तेज कर दिया है। हालांकि, 2 मार्च को हिज़्बुल्लाह द्वारा सीमा पार हमले के बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है।

वहीं, लेबनान के अधिकारियों के मुताबिक, 2 मार्च से अब तक इज़रायली हमलों में 1,000 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हज़ारों लोग घायल हुए हैं।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी