यूएई ने ईरान की 11 बैलिस्टिक मिसाइलों, 27 ड्राेनों को किया निष्क्रिय
अबू धाबी, 30 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में एक माह से जारी युद्ध के बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसके हवाई रक्षा प्रणालियों ने सोमवार को ईरान की ओर से दागी गई 11 बैलिस्टिक मिसाइलों और 27 ड्रोन को बीच में ही रोक दिया।
यूएई के रक्षा मंत्रालय द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार हालिया हमलों की शृंखला की शुरुआत से अब तक यूएई की वायु रक्षा प्रणाली ने कुल 425 बैलिस्टिक मिसाइलों, 15 क्रूज मिसाइलों और 1,941 ड्रोन को निष्क्रिय किया है। इन हमलों के दौरान अपनी ड्यूटी निभाते हुए यूएई सशस्त्र बलों के 2 जवान बलिदान हो गए। इसके अलावा सशस्त्र बलों के साथ कार्यरत मोरक्को के एक नागरिक की मृत्यु हुई। नागरिक हताहतों में पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश, फ़िलिस्तीन और भारत के आठ लोग शामिल हैं।
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि वह किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार और तत्पर है। देश की सुरक्षा को कमज़ोर करने के किसी भी प्रयास का वह पूरी दृढ़ता से मुकाबला करेगा जिससे देश की संप्रभुता, सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित हो सके तथा उसके हितों और राष्ट्रीय क्षमताओं की रक्षा हो सके।
हमलों में कुल 178 लोग घायल हुए हैं, जिनकी स्थिति हल्की से लेकर गंभीर है। घायलों में यूएई समेत मिस्र, सूडान, इथियोपिया, तुर्की, इराक, फ़िलिपींस, ईरान, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, भारत, नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका, अजरबैजान, यमन, युगांडा, इरिट्रिया, लेबनान, बहरीन, कोमोरोस, नाइजीरिया, ओमान, जॉर्डन, फिलिस्तीन, घाना, इंडोनेशिया, स्वीडन और ट्यूनीशिया के नागरिक हैं।------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी