खार्ग द्वीप पर ट्रंप की पोस्ट ईरान के लिए संदेश थी: उपराष्ट्रपति वेंस
वाशिंगटन, 31 अगस्त (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान के खार्ग द्वीप को लेकर सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट को लेकर उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि इसका मकसद ईरान को एक संदेश देना था। वेंस के इस बयान के बाद दोनों देशों के बीच पहले से जारी तनाव के बीच कूटनीतिक और सैन्य हलचल और बढ़ गई है।
वेंस ने सोमवार को कहा कि ट्रंप सोशल मीडिया पर अपनी बात अलग-अलग अंदाज में रखते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति आमतौर पर सोशल मीडिया के जरिए सैन्य अभियानों की औपचारिक घोषणा नहीं करते, लेकिन खार्ग द्वीप से जुड़ी पोस्ट के जरिए ईरान को संदेश जरूर दिया गया।
ट्रंप ने 30 अगस्त को एक संक्षिप्त सोशल मीडिया पोस्ट के साथ एक वीडियो साझा किया था, जिसमें ईरान के प्रमुख ऊर्जा केंद्र खार्ग द्वीप को तबाह किए जाने का दृश्य दिखाया गया था। हालांकि, एक अमेरिकी अधिकारी ने सोमवार को स्पष्ट किया कि रातभर की अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में खार्ग द्वीप को निशाना नहीं बनाया गया था।
दूसरी ओर, ईरानी अधिकारियों ने ट्रंप की पोस्ट को खारिज करते हुए इसे हास्यास्पद बताया है। खार्ग द्वीप ईरान के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। युद्ध शुरू होने से पहले ईरान के तेल निर्यात का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा इसी केंद्र से संभाला जाता था। ऐसे में इस क्षेत्र पर हमला होने की स्थिति में ईरान के ऊर्जा निर्यात और अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ सकता है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय