अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस ने चुनावी हार के लिए ईरान युद्ध को ठहराया जिम्मेदार

 


वाशिंगटन, 04 नवंबर (हि.स.)। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को मिली करारी हार के बाद ईरान युद्ध समाप्त करने और इजराइल के साथ अमेरिका के संबंधों की समीक्षा करने की जरूरत बताई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 2024 के चुनाव में समर्थन करने वाले कई मतदाताओं ने 2026 के मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के पक्ष में मतदान किया। वेंस के मुताबिक, मतदाताओं की नाराजगी की प्रमुख वजह ईरान युद्ध और उससे जुड़ी नीतियां रहीं।

वेंस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि रिपब्लिकन पार्टी की हार से दो प्रमुख सबक मिले हैं। उन्होंने एक सर्वेक्षण का हवाला देते हुए बताया कि ट्रंप-वेंस को 2024 में वोट देने के बाद डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों का समर्थन करने वाले मतदाताओं से पूछा गया था कि वे किन परिस्थितियों में फिर से रिपब्लिकन पार्टी के साथ आ सकते हैं।

वेंस के अनुसार, इन मतदाताओं के जवाबों में चार मुद्दे प्रमुखता से सामने आए। इनमें ईरान युद्ध समाप्त करना, महंगाई और जीवनयापन की बढ़ती लागत पर ध्यान देना, ‘अमेरिका फर्स्ट’ की नीति को प्राथमिकता देना तथा इजराइल के साथ अमेरिका के संबंधों में बदलाव करना शामिल है।

उपराष्ट्रपति ने ईरान संघर्ष का कूटनीतिक समाधान निकालने की पैरवी करने वाली एक महिला की राजनीतिक सलाह का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनकी सलाह सही साबित हुई। वेंस की इस टिप्पणी को उन लोगों की आलोचना के तौर पर देखा जा रहा है, जो ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई जारी रखने के पक्षधर रहे हैं। इनमें इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का नाम भी बताया जा रहा है।

वेंस ने कहा कि रिपब्लिकन पार्टी की हार की वजह युद्ध है और राष्ट्रपति ट्रंप ने भी पिछली रात इस बात को स्वीकार किया था। हालांकि, ट्रंप ने युद्ध के कारण पेट्रोल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को चुनावी नुकसान का एक कारण माना था, लेकिन उन्होंने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के फैसले का बचाव भी किया था।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय