अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस बोले- ईरान से अंतिम समझौते की मजबूत नींव तैयार
- आईएईए निरीक्षकों की ईरान वापसी के संकेत
बुर्गेनस्टॉक (स्विट्जरलैंड), 22 जून (हि.स.)। स्विट्जरलैंड के बुर्गेनस्टॉक में अमेरिका और ईरान के बीच जारी वार्ता को लेकर अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने सकारात्मक संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच हुई बातचीत में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। इससे भविष्य के संभावित समझौते के लिए मजबूत आधार तैयार हुआ है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए वेंस ने कहा कि वार्ता रचनात्मक माहौल में आगे बढ़ी और कई मुद्दों पर दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने विश्वास जताया कि आगे होने वाले दौर की बातचीत भी इसी दिशा में आगे बढ़ेगी और स्थायी समझौते की संभावनाएं मजबूत होंगी।
वेंस ने यह भी कहा कि सार्वजनिक बयानबाजी और राजनीतिक तनाव के बावजूद दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल वार्ता प्रक्रिया में शामिल रहे। उन्होंने उन अटकलों को खारिज किया जिनमें ईरानी प्रतिनिधिमंडल के बातचीत से हटने की संभावना जताई जा रही थी।
उनके अनुसार, बातचीत देर रात तक चली और दोनों देशों की तकनीकी टीमें अब भी विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श कर रही हैं। उन्होंने कहा कि संवाद की प्रक्रिया जारी रहना अपने आप में एक सकारात्मक संकेत है।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के निरीक्षकों की संभावित वापसी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि निरीक्षकों की ईरान में वापसी से प्रारंभिक समझौतों के क्रियान्वयन और निगरानी की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
वेंस ने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में आईएईए और ईरानी अधिकारियों के बीच संपर्क प्रक्रिया शुरू हो सकती है। यह कदम पारदर्शिता और विश्वास बहाली की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय