अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के लिए मतदान कुछ देर बाद शुरू होगा

 


वाशिंगटन, 03 नवंबर (हि.स.)। अमेरिका में आज मध्यावधि चुनाव के लिए मतदान शुरू होने जा रहा है। भारतीय समयानुसार शाम करीब 4:30 बजे मतदान शुरू होगा। अमेरिकी समयानुसार मतदान केंद्र अलग-अलग राज्यों में सुबह 5:00 बजे से 8:00 बजे के बीच खुलेंगे। भारतीय समयानुसार मतदान चार नवंबर को सुबह 5:30 बजे समाप्त होगा। इसके ठीक बाद शुरुआती नतीजे आने भी शुरू हो जाएंगे

वाशिंगटन के कैपिटल हिल में सवेरा होने वाला है। मध्यावधि चुनाव यह तय करेंगे कि कांग्रेस पर किसका राजनीतिक नियंत्रण होगा। अमेरिकी नागरिक 'हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स' की सभी 435 सीट, सीनेट की 35 सीट और 36 गवर्नर के पदों के लिए मतदान करेंगे। इससे यह तय होगा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल के आखिरी दो सालों में कांग्रेस पर रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण बना रहता है या डेमोक्रेटिक पार्टी एक या दोनों सदनों में फिर से जीत हासिल करती है।

सीएनएन के 'पोल ऑफ पोल्स' के अनुसार जेनेरिक कांग्रेसनल बैलेट में डेमोक्रेट्स को 9 अंकों की बढ़त हासिल है। साथ ही चुनावी विश्लेषकों ने भी कई कड़े मुकाबले वाली सीटों को लगातार डेमोक्रेट्स के पक्ष में जाते हुए दिखाया है। द न्यूयॉर्क टाइम्स-सिएना के पोल के मुताबिक सीनेट की पांच अहम सीटों पर भी डेमोक्रेट्स आगे चल रहे हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके सहयोगी लगातार गैर नागरिकों पर व्यापक मतदान और चुनाव धोखाधड़ी का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने ऐसे चुनाव अधिकारियों पर मुकदमा चलाने की धमकी दी है जो मतदान की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहते हैं या गैर-नागरिकों को मतदान करने की अनुमति देते हैं। उन्होंने कैलिफोर्निया में विवादित मतपत्रों की गिनती को प्रतिबंधित करने और अलास्का में परिणामों के प्रमाणीकरण को रोकने के लिए मुकदमे दायर किए हैं।

इस बीच कई राज्यों ने किसी भी टकराव से पहले संभावित कानूनी चुनौतियों का मसौदा तैयार कर लिया है। कुछ ने पहले से ही बाहरी वकीलों को नियुक्त कर लिया है। वे संघीय हस्तक्षेप की स्थिति में अदालत जाने और तत्काल राहत या कानूनी कार्रवाई करवाने के लिए तैयार हैं।

इस बार कम से कम 10 उम्मीदवार निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। फिलहाल, सीनेट में दो निर्दलीय सदस्य हैं- वरमोंट के सीनेटर बर्नी सैंडर्स और मेन के सीनेटर एंगस किंग। ये दोनों ही डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर काम करते हैं। हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स (प्रतिनिधि सभा) में एकमात्र निर्दलीय सदस्य कैलिफोर्निया के केविन काइली हैं। मार्च में रिपब्लिकन पार्टी छोड़ने के बावजूद वे सदन में अभी भी रिपब्लिकन पार्टी के साथ ही काम करते हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद