अमेरिका में दीपावली पर जारी होगा डाक टिकट
वाशिंगटन, 01 जुलाई (हि.स.) अमेरिकी डाक सेवा (यूएस पोस्टल सर्विस ) ने इस साल हिन्दू त्योहार दीपावली पर डाक टिकट जारी करने की घोषणा की है। इसमें ह्यूस्टन में रहने वालीं संगीता भूटाडा की बनाई रंगोली की आकृति है। यूएस पोस्टल सर्विस की वेबसाइट पर यह घोषणा 29 जून को की गई।
विवरण के अनुसार, दीपावली हिन्दू कैलेंडर के सबसे महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक है। शरद ऋतु में मनाया जाने वाला यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व आमतौर पर पांच दिन तक मनाया जाता है। इस साल दीपावली 8 नवंबर को मनाई जाएगी। संगीता भूटाडा की रंगोली की फोटो विजय दीक्षित ने ली थी।
वेबसाइट के अनुसार, संगीता भारत की रहने वाली हैं और लंबे समय से ह्यूस्टन इलाके में रह रही हैं। वे लगभग 30 वर्ष से इस प्राचीन लोककला का अभ्यास कर रही हैं। इस डाक टिकट को जेनिफर अर्नोल्ड ने डिजाइन किया है। इसे अक्टूबर में जारी किया जाएगा।
यूएस पोस्टल सर्विस ने अमेरिकी तटरक्षक बल, क्रिसमस कुकीज, यहूदियों के त्योहार हनुक्का और अफ्रीकी-अमेरिकी संस्कृति के उत्सव क्वांजा पर आधारित डाक टिकट जारी करने की भी घोषणा की है। कहा गया है कि अमेरिकी तटरक्षक बल अकादमी की 150वीं वर्षगांठ के मौके पर भी एक डाक टिकट जारी किया जाएगा।
इसके अलावा यहूदियों के त्योहार हनुक्का पर लगातार नौवें साल डाक टिकट जारी करने की घोषणा की गई है। इस बार के डाक टिकट में 'ड्रेडल' (एक तरह का लट्टू) का डिजिटल चित्र है। यह कलाकार लिसा पेरिन की यहूदी विरासत और पूर्वी यूरोपीय लोककला परंपरा को दर्शाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद