अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप के विशेष दूत का नेपाल दौरा तय

 


काठमांडू, 23 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के विशेष दूत सर्जियो गोर नेपाल दौरे पर आने वाले हैं। अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री समीर पॉल कपूर की नेपाल यात्रा समाप्त होने के तुरंत बाद गोर अगले सप्ताह काठमांडू पहुंचने वाले हैं।

काठमांडू स्थित अमेरिकी दूतावास ने बताया कि काठमांडू प्रवास के दौरान वह कई उच्चस्तरीय राजनीतिक मुलाकातें करेंगे। विशेष दूत गोर की शुक्रवार को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह से भी मुलाकात करने की योजना है।

गोर इस समय भारत के लिए अमेरिकी राजदूत भी हैं। इससे पहले सहायक विदेश मंत्री कपूर ने नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल और वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले से मुलाकात की थी।

नेपाल में जेन जी आंदोलन के बाद से लेकर चुनाव के दौरान और नई सरकार बनने के बाद अमेरिकी उच्च अधिकारियों का लगातार नेपाल दौरा हो रहा है। अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री से पहले नई सरकार गठन की प्रक्रिया के दौरान भी अमेरिकी सेना के इंडो पैसिफिक कमांड के प्रमुख की नेपाल यात्रा हुई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास