इटली में दोहरे हत्याकांड का मामला, अमेरिकी आरोपित को उम्रकैद देने की अपील
रोम, 26 अक्टूबर (हि.स.)। इटली की राजधानी रोम में अपनी साथी और 13 महीने की बेटी की हत्या के आरोपित अमेरिकी नागरिक फ्रांसिस कॉफमैन को अभियोजन पक्ष ने उम्रकैद की सजा देने की मांग की है। अभियोजक एंटोनियो वर्दी ने सोमवार को अदालत से आरोपी को आजीवन कारावास के साथ दिन के समय तीन साल तक एकांत कारावास की सजा देने का अनुरोध किया।
मां और बच्ची के शव पिछले साल रोम के विला पाम्फिली पार्क में मिले थे। इस दोहरे हत्याकांड के सिलसिले में कॉफमैन को 13 जून 2025 को यूनान के स्कियाथोस द्वीप से गिरफ्तार किया गया था। शव मिलने के करीब एक सप्ताह बाद हुई गिरफ्तारी में प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और निगरानी कैमरों के फुटेज सहित कई साक्ष्यों की भूमिका बताई गई थी।
कॉफमैन पर दोहरी हत्या का मुकदमा चल रहा है। वह रेक्सल फोर्ड नाम का इस्तेमाल भी करता रहा है। अभियोजन पक्ष ने अदालत में उसे चालाकी से पेश आने वाला और आत्ममुग्ध व्यक्ति बताया। हालांकि, अभियोजक ने यह स्पष्ट नहीं किया कि जांचकर्ताओं के अनुसार हत्या के पीछे संभावित मकसद क्या था।
रोम की जेल में बंद कॉफमैन ने सुनवाई के दौरान खुद को निर्दोष बताया है। उसके वकील ने मामले पर टिप्पणी के लिए किए गए अनुरोध का तत्काल जवाब नहीं दिया। मामले में निचली अदालत का फैसला 05 नवंबर को आने की उम्मीद है।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय