अमेरिका में भारतीय दूतावास के आह्वान पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जश्न शुरू
वाशिंगटन, 07 जून (हि.स.)। अमेरिका स्थित भारतीय दूतावास ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर शनिवार को यहां के ड्यूपॉन्ट सर्कल क्षेत्र में योग सत्र का आयोजन किया। इस आयोजन को योग समारोह के जश्न की शुरुआत माना जा रहा है।
अमेरिका स्थित भारतीय दूतावास के 'एक्स' हैंडल 'इंडिया इन यूएसएस' और फेसबुक पेज पर यह जानकारी चित्रों के साथ साझा की गई है। भारतीय दूतावास ने लोगों का आह्वान किया है, ''19 जून को लिंकन मेमोरियल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के जश्न में हमारे साथ जरूर शामिल हों।' इस वर्ष योग दिवस पर वाशिंगटन के अलावा न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर और शिकागो के नेवी पियर में भी 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं।
बताया गया है कि सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योगों के प्रमुख केंद्र ओरेगन के हिल्सबोरो में भी इस अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा। दक्षिण कैलिफोर्निया के इरविन स्थित श्रीनाथजी हवेली मंदिर में भी यह पर्व मनाया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2015 से प्रत्येक वर्ष 21 जून को मनाया जाता है।
शिकागो स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी 'एक्स' पर कहा, ''योग केवल शारीरिक गतिविधि नहीं है, बल्कि यह संतुलन, सजगता और आंतरिक शांति की राह दिखाता है। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उत्सव में शामिल होकर स्वास्थ्य, एकता और बेहतर जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए तैयार हो जाइए।'' शिकागो में यह आयोजन नेवी पियर के पोल्क ब्रदर्स पार्क में होगा।
इस वर्ष के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम 'स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग' है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर 11 दिसंबर 2014 को एक प्रस्ताव पारित कर 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था। पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2015 को मनाया गया था। तब से हर वर्ष सारी दुनिया में इस दिवस को पर्व की तरह मनाया जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद