ब्रिटेन के बाद अमेरिका ने फिलिस्तीन एक्शन ग्रुप पर लगाया प्रतिबंध, ‘वैश्विक आतंकी’ श्रेणी में किया शामिल
वॉशिंगटन, 26 अगस्त (हि.स.)। अमेरिका ने फिलिस्तीन समर्थक अभियान समूह फिलिस्तीन एक्शन ग्रुप पर कड़े प्रतिबंध लगाते हुए उसे स्पेशली डिजिग्नेटेड ग्लोबल टेररिस्ट (एसडीजीटी) की श्रेणी में शामिल कर दिया है। अमेरिकी वित्त विभाग की ओर से जारी एक अधिसूचना में इस कार्रवाई की जानकारी दी गई।
अमेरिकी कदम ऐसे समय में आया है, जब ब्रिटेन पहले ही फिलिस्तीन एक्शन ग्रुप को आतंकी संगठन घोषित कर प्रतिबंधित कर चुका है। समूह ब्रिटेन में इजराइल से जुड़ी रक्षा कंपनियों को निशाना बनाने वाली गतिविधियों के कारण चर्चा में रहा है।
फिलिस्तीन एक्शन ग्रुप ने विशेष रूप से ब्रिटेन में इजराइल की प्रमुख रक्षा कंपनी एलबिट सिस्टम्स से जुड़े प्रतिष्ठानों और गतिविधियों को निशाना बनाया है। समूह की इन कार्रवाइयों को लेकर लंबे समय से सुरक्षा और कानूनी चिंताएं उठती रही हैं।
ब्रिटेन में फिलिस्तीन एक्शन ग्रुप पर लगाए गए प्रतिबंध को कानूनी चुनौती भी दी गई है। ब्रिटेन के सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वह उस फैसले के खिलाफ अपील पर सुनवाई करेगा, जिसमें निचली अदालत ने समूह को आतंकवादी संगठन घोषित करने के सरकार के फैसले को कानूनी रूप से सही ठहराया था।
अमेरिका द्वारा एसडीजीटी घोषित किए जाने के बाद समूह और उससे जुड़े लोगों या संस्थाओं पर वित्तीय तथा अन्य प्रकार के प्रतिबंधों का दायरा बढ़ सकता है। हालांकि, इस कार्रवाई के विस्तृत प्रभावों और आगे उठाए जाने वाले कदमों को लेकर अमेरिकी अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय