अमेरिका का ईरान पर नया आर्थिक वार, 27 एयरलाइंस समेत 36 ठिकानों पर प्रतिबंध
वॉशिंगटन, 08 सितंबर (हि.स.)। अमेरिका ने ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाते हुए उसके विमानन क्षेत्र के खिलाफ नए प्रतिबंधों की घोषणा की है। अमेरिकी वित्त विभाग ने 36 संस्थाओं और कंपनियों को निशाना बनाया है, जिनमें 27 ईरानी एयरलाइंस के अलावा संयुक्त अरब अमीरात, तुर्किये, मलेशिया और कजाकिस्तान में स्थित कुछ कंपनियां भी शामिल हैं।
अमेरिकी वित्त विभाग के अनुसार, इन प्रतिबंधों का उद्देश्य ईरान के विमानन क्षेत्र को निशाना बनाना है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर हथियारों, कर्मियों और अवैध सामान की आवाजाही के लिए किया जाता है। एक अमेरिकी अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि वॉशिंगटन ईरानी अर्थव्यवस्था के विमानन क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय बाजार से लगभग अलग करने की दिशा में कदम उठा रहा है।
नई कार्रवाई में उन विदेशी कंपनियों को भी शामिल किया गया है, जिन पर अमेरिकी प्रतिबंधों का सामना कर रही ईरानी एयरलाइन माहान एयर की गतिविधियों में सहयोग करने का आरोप है। इनमें अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को सेवाएं देने वाले कार्गो सेवा प्रदाता और जनरल सेल्स एजेंट भी शामिल हैं।
अमेरिका माहान एयर पर ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) से जुड़ी गतिविधियों में सहयोग करने का आरोप लगाता रहा है। हालांकि, ईरान की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण ईरान का विमानन क्षेत्र पहले से ही विमान, स्पेयर पार्ट्स और रखरखाव सेवाएं हासिल करने में गंभीर कठिनाइयों का सामना कर रहा है। नए प्रतिबंधों से इस क्षेत्र पर आर्थिक दबाव और बढ़ने की संभावना है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय