अमेरिका ने ताइवान को हथियारों की बिक्री रोकी

 




वाशिंगटन, 22 मई (हि.स.)। अमेरिकी नौसेना के कार्यवाहक सचिव हंग काओ ने कहा कि अमेरिका ने ईरान के साथ चल रहे युद्ध के कारण ताइवान को हथियारों की बिक्री रोक दी है। उन्होंने यह जानकारी शीर्ष रिपब्लिकन नेता मिच मैककोनेल के एक सवाल के जवाब में दी। सीनेट की सुनवाई के दौरान, सीनेटर मैककोनेल ने काओ से कहा, हमने ताइवान को अमेरिका से हथियार खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया है। मगर अचानक से बिक्री रोक दी गई है। इस रोक के बारे में आपको ताइवान की तरफ से क्या जानकारी मिल रही है?

सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, काओ ने जवाब दिया, मैंने ताइवान के अधिकारियों से बात नहीं की है। हालांकि, हमने उन्हें हथियारों की बिक्री की है। अभी हमने बिक्री इसलिए रोकी है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि हमारे पास 'एपिक फ्यूरी' के लिए जरूरी गोला-बारूद मौजूद है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका के पास काफी मात्रा में गोला-बारूद है।

काओ ने कहा, जब ट्रंप प्रशासन को जरूरी लगेगा तब हथियारों की बिक्री फिर से शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा बिक्री कब फिर से शुरू होगी, यह तय करने का अधिकार रक्षा सचिव और विदेश सचिव के पास होगा। मैककोनेल ने इस पर कहा कि यही बात सबसे अधिक परेशान करने वाली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद