अमेरिकाः उड़ानों पर लगी रोक 4 घंटे बाद हटाई गई, 8 हजार उड़ानें रद्द

 


वॉशिंगटन, 14 नवंबर (हि.स.)। अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल के कम्युनिकेशन सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण शुक्रवार को करीब चार घंटे देशभर में विमानों की उड़ान रोकनी पड़ीं। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने सुरक्षा कारणों से देशभर के एयरपोर्ट पर उड़ानों को रोकने का आदेश दिया था। हालांकि चार घंटे बाद उड़ानों पर लगी रोक हटा दी गई।

एफएए के इस आदेश इस दौरान 8,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं और करीब 15 लाख यात्री प्रभावित हुए। सामान्य स्थिति बहाल होते-होते शनिवार को भी काफी संख्या में उड़ानों को रद्द करना पड़ा।

ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों ने दावा किया है कि अबतक किसी साइबर हमले के संकेत नहीं हैं और यह स्थिति 9/11 जैसी नहीं है। अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी सचिव मार्कवेन मुलिन ने कहा कि देशभर के हवाई अड्डों पर लागू किए गए ग्राउंड स्टॉप के पीछे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा कोई खतरा होने के संकेत नहीं मिले हैं और यह दूरसंचार व्यवस्था में आई बाधा है। उन्होंने यात्रियों और उनके परिवारों को पूरी सुरक्षा को लेकर भरोसा दिलाया है।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका में 11 सितंबर 2001 को हुए आतंकी हमले के बाद यह दूसरा मौका है जब देशभर में उड़ानों का संचालन एक साथ व्यापक रूप से प्रभावित हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश