अब अमेरिका विदेशी छात्रों और पत्रकारों को तय अवधि के लिए ही देगा वीजा

 

वॉशिंगटन, 16 जुलाई (हि.स.)। अमेरिका ने विदेशी छात्रों, सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों में शामिल प्रतिभागियों और विदेशी पत्रकारों के लिए वीजा नियमों में बड़ा बदलाव करने की तैयारी की है। अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (डीएचएस) ने गुरुवार को प्रस्तावित अंतिम नियम जारी करते हुए कहा कि अब इन श्रेणियों के वीजा निर्धारित समयावधि के लिए जारी किए जाएंगे।

नए नियम के तहत 'एफ' वीजा पर पढ़ाई करने वाले अंतरराष्ट्रीय छात्रों, 'जे' वीजा पर सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों के तहत अमेरिका आने वाले प्रतिभागियों तथा 'आई' वीजा पर कार्यरत विदेशी मीडिया कर्मियों के लिए वीजा की अवधि पहले से तय होगी।

वर्तमान व्यवस्था में इन वीजा धारकों को कार्यक्रम या अमेरिका में रोजगार की अवधि पूरी होने तक रहने की अनुमति मिलती है। यानी उनकी वैधता कार्यक्रम की अवधि से जुड़ी होती है, न कि किसी निश्चित समय सीमा से।

डीएचएस के अनुसार, इस नियम को लागू करने से पहले अमेरिकी कांग्रेस इसकी समीक्षा करेगी। समीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इसकी प्रभावी तिथि तय की जाएगी।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय