अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट के पास ईरान के रणनीतिक ठिकानों पर किए हमले

 

वॉशिंगटन/तेहरान, 10 जून (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के मध्य बढ़ते सैन्य तनाव के बीच अमेरिकी बलों ने होर्मुज जलडमरुमध्य के आसपास स्थित ईरान के कई रणनीतिक ठिकानों पर कार्रवाई की है। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि यह कदम हालिया घटनाओं और क्षेत्रीय सुरक्षा चिंताओं के जवाब में उठाया गया।

अमेरिकी कार्रवाई का केंद्र होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े क्षेत्र रहे, जिनमें बंदर अब्बास, जास्क, सिरिक, मिनाब और केशम द्वीप जैसे रणनीतिक स्थान शामिल बताए जा रहे हैं। ये इलाके ईरान की समुद्री सुरक्षा व्यवस्था और तटीय निगरानी नेटवर्क के लिए महत्वपूर्ण माने जाते हैं।

होर्मुज जलडमरूमध्य विश्व के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है। वैश्विक स्तर पर समुद्री मार्ग से होने वाले कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के बड़े हिस्से का परिवहन इसी रास्ते से होता है। ऐसे में इस क्षेत्र में किसी भी सैन्य गतिविधि का असर अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजारों और तेल कीमतों पर पड़ सकता है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हाल की घटनाओं के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा है कि अमेरिका अपने सैन्य कर्मियों और क्षेत्रीय हितों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाता रहेगा। वहीं, ईरान ने अमेरिकी कार्रवाई की आलोचना करते हुए इसे क्षेत्रीय तनाव बढ़ाने वाला कदम बताया है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय