स्पेन ने ईरान पर हमलों के लिए सैन्य अड्डों के इस्तेमाल से किया इनकार, क्षेत्रीय संघर्ष की आशंका
मैड्रिड, 02 मार्च (हि.स.)। अमेरिका-इजराइल के ईरान पर ताजा सैन्य हमलों के बीच स्पेन ने स्पष्ट कर दिया है कि उसके सैन्य अड्डों का उपयोग ईरान के खिलाफ किसी भी कार्रवाई के लिए नहीं किया जाएगा। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच स्पेन का यह रुख यूरोपीय देशों की उस चिंता को दर्शाता है, जिसमें व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष की आशंका जताई जा रही है।
स्पेन के विदेश मंत्री जोस मैनुअल अल्बारेस ने स्पेनिश चैनल टेलेसिंको से बातचीत में कहा कि देश की भूमि और सैन्य सुविधाएं केवल अमेरिका के साथ हुए समझौते और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुरूप ही इस्तेमाल की जा सकती हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिकी और इजराइली हमलों के बाद दक्षिणी स्पेन स्थित नौसेना स्टेशन रोटा और मोरोन एयर बेस से कम से कम 15 अमेरिकी विमान रवाना हो चुके हैं। उड़ानों की निगरानी करने वाली वेबसाइट 'फ्लाइटराडार24' के आंकड़ों में इन विमानों की गतिविधि दर्ज की गई है।
स्पेन ने पहले भी ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की निंदा की है और क्षेत्रीय तनाव कम करने की अपील की है। मैड्रिड का कहना है कि वह अंतरराष्ट्रीय कानून और कूटनीतिक समाधान का समर्थन करता है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय