अमेरिका में तीसरे दिन भी हवाई यातायात प्रभावित, 5,200 से अधिक उड़ानें रद्द या विलंबित

 


न्यूयॉर्क, 15 नवंबर (हि.स.)। अमेरिका में हवाई यातायात लगातार तीसरे दिन प्रभावित रहा। रविवार को 5,200 से अधिक उड़ानें रद्द या विलंबित हुईं। हालांकि, परिवहन मंत्री सीन डफी ने 16 नवंबर तक उड़ानों का संचालन सामान्य होने की उम्मीद जताई है। देशव्यापी उड़ान रोक के बाद एयरलाइंस अपने परिचालन को पटरी पर लाने में जुटी हैं।

उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के आंकड़ों के अनुसार, 15 नवंबर को देशभर में 1,600 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं, जबकि करीब 3,600 उड़ानों में देरी हुई। इससे एक दिन पहले यानी 14 नवंबर को 6,400 से अधिक उड़ानें रद्द और 8,000 से ज्यादा विलंबित हुई थीं।

डफी ने एबीसी के कार्यक्रम ‘दिस वीक’ में कहा कि इस घटना के पीछे साइबर हमले या किसी अन्य दुर्भावनापूर्ण गतिविधि का कोई प्रमाण नहीं मिला है। हालांकि, समस्या की वास्तविक वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर तक उड़ानें सामान्य होने लगेंगी, लेकिन पूरी तरह नियमित संचालन 16 नवंबर तक बहाल होने की उम्मीद है। उन्होंने जोर दिया कि संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) की प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा है।

15 नवंबर को जेटब्लू की 27 प्रतिशत और अमेरिकन एयरलाइंस की 13 प्रतिशत उड़ानें रद्द हुईं। वहीं, साउथवेस्ट, यूनाइटेड एयरलाइंस और डेल्टा की तीन से पांच प्रतिशत उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।

उल्लेखनीय है कि एफएए ने 13 नवंबर को देशव्यापी उड़ान रोक लागू की थी, जिसके चलते लगभग पांच घंटे तक प्रस्थान करने वाली करीब-करीब सभी उड़ानें थम गई थीं। 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद अमेरिकी हवाई यातायात पर यह सबसे लंबी देशव्यापी रोक थी।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय