(अपडेट) इंडोनेशिया में फिर कांपी धरती, 6.8 तीव्रता के भूकंप से दहशत; अबतक 38 लोगों की मौत

 


जकार्ता, 15 अगस्त (हि.स.)। इंडोनेशिया में शनिवार को कुछ ही घंटों के अंतराल में दूसरी बार शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए। उत्तरी सुमात्रा में आए ताजा भूकंप की तीव्रता 6.8 बताई जा रही है। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (जीएफजेड) के अनुसार, भूकंप करीब 163 किलोमीटर की गहराई में आया। इससे पहले शनिवार सुबह देश के फ्लोरेस क्षेत्र में 7.7 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें कम से कम 38 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, 7.7 तीव्रता का भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 5:58 बजे फ्लोरेस क्षेत्र में आया। इसका केंद्र पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत के एंडे शहर से लगभग 68 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था। तेज झटकों के बाद कई आफ्टरशॉक्स भी महसूस किए गए।

भूकंप से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा और कुछ ढह भी गईं। कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण सड़कें बंद हो गईं। एंडे रीजेंसी में ट्रांस-फ्लोरेस हाईवे का एक हिस्सा बंद होने से राहत और बचाव कार्य प्रभावित हुआ। मलबे में दबे होने की आशंका वाले दो ग्रामीणों की तलाश जारी है।

भूकंप के बाद एहतियात के तौर पर कई अस्पतालों को खाली कराया गया। मरीजों को खुले स्थानों पर ले जाकर अस्थायी उपचार व्यवस्था की गई। बिजली और संचार व्यवस्था प्रभावित होने की भी खबर है। करीब 2,000 ग्रामीणों को अस्थायी आश्रयों में पहुंचाया गया।

भूकंप के बाद तटीय इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी, जिसे बाद में समुद्र के जलस्तर में बड़े बदलाव के संकेत नहीं मिलने पर वापस ले लिया गया।

इंडोनेशिया की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी ने राहत एवं बचाव कार्यों के लिए हेलीकॉप्टर तैनात किए हैं। देश के कई द्वीपों में फैले प्रभावित इलाकों तक पहुंचना बचाव दलों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय