अफगानिस्तान पर पाक हमलों की यूएन ने की कड़ी निंदा, नागरिकों की सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग

 

काबुल, 28 अप्रैल (हि.स.)। संयुक्त राष्ट्र के रैपोर्टियर रिचर्ड बेनेट ने अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में हुए ताजा हमलों को लेकर गहरी चिंता जताते हुए नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं की “तुरंत, स्वतंत्र और व्यापक जांच” कराई जानी चाहिए।

संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन यूएनएएमए के हवाले से बताया गया कि पूर्वी अफगानिस्तान के असदाबाद सहित कई इलाकों में हुए हमलों में कम से कम सात लोगों की मौत हुई है और 75 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हमलों में नागरिक क्षेत्रों के साथ-साथ एक विश्वविद्यालय परिसर को भी निशाना बनाया गया।

यूएनएएमए ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के तहत नागरिकों और शैक्षणिक संस्थानों की हर हाल में सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। मिशन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से किए गए इन हमलों में कुनार प्रांत की राजधानी असदाबाद और सरकानो जिले के कई रिहायशी इलाके प्रभावित हुए। स्थानीय अस्पतालों में दर्जनों घायल, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, इलाज के लिए लाए गए हैं।

हमले के दौरान सैयद जमालुद्दीन अफगान विश्वविद्यालय को भी नुकसान पहुंचा, जहां मोर्टार हमलों से इमारतों को क्षति हुई और छात्रों व कर्मचारियों में दहशत फैल गई। अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में विश्वविद्यालय के कम से कम 30 छात्र और कर्मचारी घायल हुए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार धमाकों और हमलों के डर से कई परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करना पड़ा।

अफगान सरकार ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे “कायरतापूर्ण और अमानवीय” बताया है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस मुद्दे पर चुप्पी न साधने की अपील की है।

पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे क्षेत्रीय स्थिरता और नागरिक सुरक्षा को लेकर चिंताएं गहरा रही हैं।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय