पश्चिम एशिया में हालात नियंत्रण से बाहर होने की कगार पर : संयुक्त राष्ट्र महासचिव

 


न्यूयॉर्क, 23 जुलाई (हि.स.)। संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने पश्चिम एशिया में तेजी से बिगड़ते सुरक्षा हालात पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि पूरा क्षेत्र ऐसे मोड़ पर पहुंच गया है, जहां स्थिति नियंत्रण से बाहर होती दिखाई दे रही है। उन्होंने सभी पक्षों से तत्काल तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान की दिशा में कदम उठाने का आह्वान किया।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए गुटेरेस ने कहा कि मध्य पूर्व का संकट अकल्पनीय स्थिति की ओर बढ़ रहा है। उनके अनुसार, क्षेत्र लगातार व्यापक टकराव के दायरे में खिंचता जा रहा है, जहां एक संकट दूसरे संकट को जन्म दे रहा है और हर नई सैन्य कार्रवाई तनाव को और बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ते संघर्ष के बीच राजनीतिक समाधान पीछे छूटते जा रहे हैं।

यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि उनका प्रशासन ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान पर विचार कर रहा है। ट्रंप ने कहा कि वह इस संबंध में जल्द फैसला ले सकते हैं। हालांकि, अमेरिकी प्रशासन की ओर से अभी तक किसी सैन्य कार्रवाई की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।

क्षेत्र में संभावित तनाव बढ़ने की आशंका के बीच ब्रिटेन ने एहतियातन ईरान से अपने कुछ राजनयिक कर्मचारियों को अस्थायी रूप से वापस बुलाने की घोषणा की है। वहीं, जर्मनी ने लाल सागर से अपने दो नौसैनिक पोत हटाने का निर्णय लिया है।

उधर, इजराइल के कई शहरों में बम आश्रयों (बंकरों) को खोल दिया गया है, जबकि अमेरिकी विदेश विभाग ने क्षेत्र में रह रहे अमेरिकी नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने चेतावनी दी है कि सुरक्षा स्थिति बिगड़ने की स्थिति में हवाई उड़ानों पर भी असर पड़ सकता है।

संयुक्त राष्ट्र ने एक बार फिर सभी संबंधित पक्षों से संयम बरतने और संवाद के माध्यम से विवादों का समाधान खोजने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में व्यापक संघर्ष की आशंका को टाला जा सके।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय