रूस पर ईयू का 21वां प्रतिबंध पैकेज लागू, यूक्रेन बोला- आक्रामकता की कीमत चुकानी होगी

 


कीव, 23 जुलाई (हि.स.)। यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने रूस के खिलाफ यूरोपीय संघ (ईयू) द्वारा स्वीकृत 21वें प्रतिबंध पैकेज का स्वागत करते हुए कहा है कि हर नया प्रतिबंध रूस पर उसकी सैन्य कार्रवाई की कीमत और बढ़ाता है तथा यूरोप की सुरक्षा को मजबूत करता है।

विदेश मंत्री सिबिहा ने जारी बयान में कहा कि नए प्रतिबंधों में ऊर्जा, व्यापार और वित्तीय क्षेत्रों से जुड़े अतिरिक्त प्रतिबंधात्मक उपाय शामिल किए गए हैं। उनके अनुसार, इन कदमों का उद्देश्य रूस की युद्ध क्षमता पर दबाव बढ़ाना और उसकी आर्थिक गतिविधियों को सीमित करना है।

उन्होंने विशेष रूप से इस बात का स्वागत किया कि ईयू ने पहली बार रूस की ओर से युद्ध में शामिल लड़ाकों के यूरोपीय संघ में प्रवेश पर औपचारिक रोक लगाने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। सिबिहा ने कहा कि जो लोग रूस की सैन्य कार्रवाई में भाग लेते हैं, उसका समर्थन करते हैं या उससे लाभ उठाते हैं, उन्हें यूरोप की स्वतंत्रता, सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों का लाभ नहीं मिलना चाहिए।

यूक्रेनी विदेश मंत्री ने कहा कि रूस पर प्रतिबंधों का दबाव लगातार बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि प्रतिबंधों से बचने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे संभावित रास्तों को बंद किया जाए और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जाए।

सिबिहा ने इस कदम के लिए यूरोपीय संघ की संस्थाओं, यूरोपीय संघ की अध्यक्षता निभा रहे आयरलैंड तथा सभी सदस्य देशों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रूस के खिलाफ हर नया प्रतिबंध न केवल उसकी सैन्य आक्रामकता की कीमत बढ़ाता है, बल्कि पूरे यूरोप की सामूहिक सुरक्षा को भी अधिक मजबूत बनाता है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय