यूक्रेन ने रूसी कब्जे वाले ओलेश्की में ड्रोन से पहुंचाया भोजन और दवा

 

कीव, 28 सितंबर (हि.स.)। यूक्रेन की सेना ने रूसी कब्जे वाले ओलेश्की शहर में ड्रोन के जरिए करीब चार टन भोजन और दवाइयां पहुंचाईं। खेरसॉन क्षेत्र के गवर्नर ओलेक्सांद्र प्रोकुदिन के अनुसार, भारी सामान ले जाने वाले ड्रोन ने एक साथ शहर के करीब 100 स्थानों पर राहत सामग्री पहुंचाई।

ड्नीप्रो नदी के किनारे स्थित ओलेश्की पर वर्ष 2022 से रूस का कब्जा है। प्रोकुदिन ने दावा किया कि शहर में करीब 2,000 लोग, जिनमें लगभग 50 बच्चे शामिल हैं, भोजन, बिजली और पानी की कमी से जूझ रहे हैं।

संयुक्त राष्ट्र की मानवाधिकार निगरानी मिशन के अनुसार, ओलेश्की के लोगों को कई महीनों से खाद्य सामग्री की कमी और जरूरी सुविधाओं की बेहद सीमित उपलब्धता का सामना करना पड़ रहा है।

यूक्रेन ने रूस पर नागरिकों को शहर से निकलने से रोकने का आरोप लगाया है। वहीं, क्रेमलिन ने कहा है कि ओलेश्की में भोजन और दवाओं की गंभीर कमी है, लेकिन रूसी सेना स्थिति सुधारने के लिए काम कर रही है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय