रूस का दावा : यूक्रेन ने सैनिकों के शव सौंपने के लिए स्थानीय युद्धविराम का प्रस्ताव ठुकराया
मॉस्को, 05 जुलाई (हि.स.)। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि यूक्रेन ने पूर्वी यूक्रेन के कोस्तियांतिनिव्का शहर में स्थानीय स्तर पर युद्धविराम के उस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया, जिसका उद्देश्य युद्ध में मारे गए यूक्रेनी सैनिकों के शवों को सौंपना था।
रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, उसने कोस्तियांतिनिव्का और उसके आसपास के क्षेत्र में सोमवार को छह घंटे के अस्थायी युद्धविराम का प्रस्ताव रखा था, ताकि सुरक्षित माहौल में यूक्रेनी सैनिकों के शवों का हस्तांतरण किया जा सके। इसके लिए रूस ने यूक्रेन से रविवार को जवाब मांगा था।
रूस का आरोप है कि यूक्रेन ने शहर पर गोलाबारी जारी रखी, जिसके कारण शवों के हस्तांतरण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।
फिलहाल यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय और जनरल स्टाफ की ओर से रूस के इन दावों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इससे पहले, शुक्रवार को रूसी सैन्य कमांडरों ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को जानकारी दी थी कि रूसी सेना ने कोस्तियांतिनिव्का पर नियंत्रण स्थापित कर लिया है। हालांकि, यूक्रेन ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि शहर अब भी उसकी सेना के नियंत्रण में है।
कोस्तियांतिनिव्का डोनेट्स्क क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण रणनीतिक शहर है, जिस पर कब्जा करने का प्रयास रूस लंबे समय से कर रहा है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय