रक्षा सहायता कार्यक्रम के तहत यूरोपीय संघ से यूक्रेन को मिली 3.9 अरब यूरो की पहली किस्त

 

कीव, 30 जून (हि.स.)। यूक्रेन को यूरोपीय संघ (ईयू) के रक्षा सहायता कार्यक्रम के तहत 3.9 अरब यूरो (करीब 4.4 अरब अमेरिकी डॉलर) की पहली ऋण किस्त प्राप्त हुई है। यूक्रेन के वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।

मंत्रालय के अनुसार, यह राशि 'यूक्रेन सपोर्ट लोन' कार्यक्रम की 5.01 अरब यूरो की शुरुआती किश्त का हिस्सा है। इस वित्तीय सहायता का उद्देश्य रूस के साथ जारी संघर्ष के बीच यूक्रेन की रक्षा क्षमता और आर्थिक मजबूती को बढ़ाना है।

यूक्रेन के वित्त मंत्री सेरही मार्चेंको ने कहा कि इस धनराशि का उपयोग देश की सुरक्षा जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा। इसके तहत विशेष रूप से ड्रोन उत्पादन बढ़ाने, रक्षा उद्योग को मजबूत करने और सशस्त्र बलों की आवश्यकताओं को पूरा करने पर ध्यान दिया जाएगा।

मार्चेंको ने कहा, यह वित्तीय सहायता हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा क्षमता को मजबूत करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इससे यूक्रेन की रक्षा उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी और सुरक्षा बलों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा सकेंगे।

वित्त मंत्रालय ने यह भी बताया कि वर्ष 2026 में यूक्रेन को यूक्रेन सपोर्ट लोन कार्यक्रम के तहत कुल 45 अरब यूरो मिलने की उम्मीद है। इसमें से 28.3 अरब यूरो विशेष रूप से रक्षा क्षेत्र के लिए निर्धारित किए गए हैं।

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूरोपीय संघ लगातार यूक्रेन को आर्थिक, सैन्य और मानवीय सहायता उपलब्ध करा रहा है। ताजा वित्तीय पैकेज को यूक्रेन की दीर्घकालिक रक्षा क्षमता और आर्थिक स्थिरता को बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय