यूक्रेन ने डेनमार्क, एस्टोनिया और नीदरलैंड के साथ किए ड्रोन समझौते

 


कीव/अंकारा, 08 जुलाई (हि.स.)। यूक्रेन ने डेनमार्क, एस्टोनिया और नीदरलैंड के साथ तीन नए ड्रोन समझौते किए हैं। इसके तहत यूक्रेन युद्ध के मैदान में परखी गई अपनी ड्रोन विशेषज्ञता साझा करेगा और रूसी मिसाइल हमलों के बीच नाटाे सहयोगियों के साथ रक्षा सहयोग को मजबूत करना चाहता है।

फ्रांस के टेलीविज़न नेटवर्क फ्रांस 24

ने बताया कि राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ने डेनमार्क, एस्टोनिया और नीदरलैंड के साथ तीन और ड्रोन समझौते किए हैं। इसके ज़रिए वह रूस के साथ चार साल से ज़्यादा समय से चल रहे युद्ध से मिली अपनी विशेषज्ञता उपलब्ध कराएगा।

ज़ेलेंस्की ने तुर्किये की राजधानी अंकारा में नाटाे शिखर सम्मेलन के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स के ज़रिए इन समझौतों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि फरवरी 2022 में जब रूस ने पड़ोसी देश पर हमला किया था, तब इस क्षेत्र में यूक्रेन के पास बहुत कम विशेषज्ञता थी, लेकिन अब उसने एक बहुत ही उन्नत ड्रोन उद्योग विकसित कर लिया है।

जेलेंस्की ने इन समझौतों को बढ़ावा देने के लिए कई देशों की यात्रा की है, खासकर मध्य पूर्व में, जहां खाड़ी देशों को इस साल ईरान के हमलों का सामना करना पड़ा था।

डेनमार्क के साथ समझौते की घोषणा करते हुए ज़ेलेंस्की ने कहा कि यह समझौता संयुक्त रक्षा उत्पादन, विशेषज्ञता के आदान-प्रदान और हथियारों के निर्यात में पारदर्शिता के लिए बड़े अवसर खोलता है।

उन्होंने कहा कि डेनमार्क पहला देश था जिसने यूक्रेन में संयुक्त उत्पादन की पेशकश की थी और यह बिल्कुल उचित है कि डेनमार्क को अब युद्ध में परखे गए यूक्रेनी हथियारों के निर्यात तक पहुंच मिलेगी।

ज़ेलेंस्की ने पिछले सप्ताह राजधानी कीव पर हुए दो हमलों के बाद रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों के खिलाफ़ यूक्रेन की रक्षा क्षमता बढ़ाने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया है। सोमवार को हुए ताज़ा हमले में कीव में 19 लोगों की मौत हो गई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी