यूएई के राष्ट्रपति ने ईरान को बताया ‘दुश्मन’, कहा- हमारा देश आसान निशाना नहीं
अबू धाबी, 07 मार्च (हि.स.)। मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जाएद एल नाहयान ने ईरान को लेकर कड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यूएई किसी के लिए आसान निशाना नहीं है और देश अपनी सुरक्षा के लिए पूरी तरह सक्षम है।
राष्ट्रपति, जिन्हें एमबीजेड के नाम से भी जाना जाता है, ने बेहद दुर्लभ सार्वजनिक टिप्पणी में ईरान को “दुश्मन” बताया। उन्होंने कहा कि वह यूएई के दुश्मनों को स्पष्ट संदेश देना चाहते हैं कि देश शांतिप्रिय जरूर है, लेकिन अपनी सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क और मजबूत है।
एमबीजेड ने कहा कि यूएई विकास और स्थिरता का मॉडल है, लेकिन इसे कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि देश की पहुंच मजबूत है और वह किसी भी खतरे का सामना करने में सक्षम है।
यह बयान उस समय सामने आया जब यूएई की वायु रक्षा प्रणाली ने हाल ही में संभावित मिसाइल खतरे का जवाब दिया। इससे पहले ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने संकेत दिया था कि खाड़ी क्षेत्र में हमले रुक सकते हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि यूएई अपनी जनता और देश में रहने वाले सभी लोगों की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में देश और अधिक मजबूत होकर उभरेगा।
विश्लेषकों का मानना है कि यूएई की ओर से इस तरह का सख्त बयान क्षेत्रीय तनाव के बढ़ते स्तर को दर्शाता है और खाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति पर गहरी नजर रखी जा रही है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय