ईरान युद्ध के समाधान के लिए तुर्किये व मिस्र के विदेश मंत्री इस्लामाबाद पहुंचे, पाकिस्तान और सऊदी अरब के साथ मिल कर करेंगे चर्चा

 


इस्लामाबाद, 29 अप्रैल (हि.स.)। ईरान युद्ध के कूटनीतिक समाधान के लिए पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आज और कल सऊदी अरब, तुर्किये और मिस्र के विदेश मंत्री पाकिस्तान के शीर्ष नेतृत्व के साथ चर्चा करेंगे। तुर्किये और मिस्र के विदेश मंत्री इस उच्चस्तरीय वार्ता के लिए इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं।

दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी देते हुए कहा कि सऊदी अरब के विदेशमंत्री के भी जल्द ही पहुंचने की उम्मीद है। पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने विदेश कार्यालय में तुर्किये के विदेश मंत्री हाकान फिदान से मुलाकात की। इस बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की, जिसमें ईरान से जुड़े घटनाक्रम शामिल रहे। दोनों देशों ने कूटनीति के माध्यम से तनाव कम करने के महत्व पर जोर दिया।

इस बीच, मिस्र के विदेश मंत्री बदर अब्देलअती भी इस्लामाबाद पहुंचे। उम्मीद है कि तीनों आज प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात करेंगे। चारों देश क्षेत्रीय तनाव कम करने और शांति व स्थिरता को बढ़ावा देने के तरीकों पर विचार-विमर्श करेंगे। सूत्रों ने बताया कि इन प्रयासों के तहत, तुर्किये, मिस्र और सऊदी अरब के विदेश मंत्री पाकिस्तानी नेतृत्व के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे।

इशाक डार ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से फोन पर बातचीत की है। पाकिस्तान ने हाल ही में खुद को ईरान और पश्चिमी देशों के बीच संभावित मध्यस्थ के रूप में स्थापित किया है। वह ईरान के साथ अपने लंबे समय से चले आ रहे संबंधों और खाड़ी देशों के साथ अपने रिश्तों का लाभ उठाते हुए इस सिलसिले में प्रयास कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद