अबू दुहूर एयरबेस पर इजराइली हमले को लेकर तुर्किये-सीरिया ने जताई नाराजगी
दमिश्क, 13 सितंबर (हि.स.)। तुर्किये और सीरिया ने हालिया इजराइली सैन्य हमलों की कड़ी आलोचना की है। तुर्किये के विदेश मंत्री हाकान फिदान ने आरोप लगाया कि इजराइल बार-बार हमले कर सीरिया को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है।
दमिश्क की यात्रा पर पहुंचे फिदान ने सीरियाई विदेश मंत्री असद अल-शैबानी के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सीरिया क्षेत्र और दुनिया के लिए उम्मीद का केंद्र बन रहा है, लेकिन इजराइल की नीतियां इस सकारात्मक दिशा में सबसे बड़ी बाधा बन रही हैं। उन्होंने उत्तर-पश्चिमी सीरिया में स्थित अबू दुहूर सैन्य एयरबेस पर हालिया हमले को इसका ताजा उदाहरण बताया।
इजराइल ने पिछले महीने इस एयरबेस पर बमबारी की थी। उसका दावा था कि कार्रवाई का उद्देश्य तुर्किये के सैनिकों को वहां तैनात होने से रोकना था। हालांकि, अंकारा ने एयरबेस पर तुर्किये के किसी प्रतिनिधिमंडल या सैनिकों की मौजूदगी से इनकार किया था।
सीरियाई विदेश मंत्री शैबानी ने हमले को सीरिया में राज्य निर्माण की प्रक्रिया को कमजोर करने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई का कोई वैध या कानूनी आधार नहीं है और इससे सीरिया-तुर्किये संबंधों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
शैबानी ने इजराइल की कार्रवाई के खिलाफ दमिश्क के रुख को स्पष्ट और अडिग बताते हुए उन क्षेत्रों से इजराइली सेना की वापसी की मांग की, जहां उसने बशर अल-असद सरकार के पतन के बाद सैन्य हस्तक्षेप किया है।
इस बीच फिदान ने बताया कि तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन के जल्द सीरिया दौरे की संभावना है, हालांकि उन्होंने यात्रा की कोई निश्चित तारीख नहीं बताई।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय