बांग्लादेशः शेख हसीना की भतीजी ट्यूलिप को 8 अप्रैल को अदालत में पेश होने का नोटिस
ढाका, 29 मार्च (हि.स.)। बांग्लादेश की राजधानी ढाका की एक अदालत ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की भतीजी ट्यूलिप रिजवाना सिद्दिकी समेत दो आरोपितों को 8 अप्रैल को पेश होने का निर्देश दिया है। ट्यूलिप लंदन में रहती हैं और ब्रिटिश संसद की सदस्य हैं। उनके खिफाल गुलशन में कथित फ्लैट धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में आरोप पत्र दाखिल हो चुका है। इस मामले में राजुक के पूर्व सहायक कानूनी सलाहकार सरदार मोशर्रफ हुसैन भी आरोपित हैं।
ढाका ट्रिब्यून अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, ढाका मेट्रोपॉलिटन सीनियर स्पेशल जज मोहम्मद शब्बीर फैज की अदालत ने रविवार को यह आदेश जारी किया। भ्रष्टाचार निरोधक आयोग के अभियोजन प्रभाग के सहायक निदेशक (सामान्य) अमीनुल इस्लाम ने इसकी पुष्टि की। इस्लाम के अनुसार, बांग्लादेश सरकारी प्रिंटिंग प्रेस (बीजी प्रेस) ने 8 मार्च को एक नोटिस जारी कर आरोपितों को अदालत के सामने पेश होने के लिए कहा था। ईद की छुट्टियों के कारण गजट समय पर प्रकाशित नहीं हो सका, जिसके कारण अदालत को दोबारा तारीख तय करनी पड़ी।
इससे पहले, 18 फरवरी को अदालत ने ट्यूलिप और सरदार मोशर्रफ हुसैन के खिलाफ दायर आरोप पत्र का संज्ञान लेते हुए गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। पिछले साल 15 अप्रैल को ट्यूलिप के साथ राजुक के पूर्व सहायक कानूनी सलाहकार शाह मोहम्मद खसरुज्जमां और सरदार मोशर्रफ हुसैन के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इस मामले में उन पर गुलशन-2 में 'ईस्टर्न हाउसिंग लिमिटेड' के स्वामित्व वाले एक फ्लैट पर अवैध रूप से कब्जा करने का आरोप लगाया गया था।
इस मामले के सामने आने के बाद शाह मोहम्मद खसरुज्जमां ने जुलाई में उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। इसके बाद उनके खिलाफ चल रही जांच पर तीन महीने के लिए रोक लगा दी गई। बाद में भ्रष्टाचार निरोधक आयोग ने 'चैंबर कोर्ट' का रुख किया, लेकिन उसे वहां से कोई राहत नहीं मिली।
भ्रष्टाचार निरोधक आयोग ने 11 दिसंबर को जांच पूरी करने के बाद ट्यूलिप रिजवाना सिद्दीकी और सरदार मोशर्रफ हुसैन के खिलाफ दंड संहिता और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1947 की संबंधित धाराओं के तहत आरोप पत्र दाखिल किया।
उल्लेखनीय है कि ट्यूलिप ब्रिटिश-बांग्लादेशी राजनीतिज्ञ हैं। लेबर पार्टी की सदस्य ट्यूलिप यूनाइटेड किंगडम में संसद सदस्य हैं। वे साल 2015 से लंदन के 'हैम्पस्टेड और हाईगेट' (पूर्व में हैम्पस्टेड और किलबर्न) क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। वो बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान की नातिन हैं। उनकी मां शेख रेहाना हैं। उन्होंने जुलाई 2024 से जनवरी 2025 तक ब्रिटिश ट्रेजरी में आर्थिक सचिव और शहरी मंत्री के रूप में कार्य किया। उन्होंने जनवरी 2025 में अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद