ट्रंप ने सीनेटरों से ऊर्जा परियोजनाओं की मंजूरी प्रक्रिया सरल करने के लिए मांगा समर्थन

 




वाशिंगटन, 09 नवंबर (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीनेटरों से वर्ष 2026 के अमेरिकी वहनीयता एवं रोजगार विधेयक एस. 5653 (अमेरिकन अफोर्डेबिलिटी एंड जॉब्स एक्ट ऑफ 2026 -S. 5653) के समर्थन में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने इस प्रस्तावित कानून को अमेरिका की ऊर्जा आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में उसकी स्थिति मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

उन्होंने दोनों राजनीतिक दलों के समर्थन से तैयार इस विधेयक को पारित कराने का आग्रह किया। प्रस्तावित कानून का उद्देश्य ऊर्जा और आधारभूत ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं को सरकारी मंजूरी देने की प्रक्रिया सरल और तेज करना है। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल पर लिखा, ''मैं सभी सीनेटरों से अमेरिकी वहनीयता एवं रोजगार अधिनियम (एस. 5653) के पक्ष में मतदान करने की अपील करता हूं। यह विधेयक अमेरिका की ऊर्जा आत्मनिर्भरता और वैश्विक वर्चस्व की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।''

उन्होंने कहा, ''यह ऐतिहासिक विधायी सुधार हमारी अमेरिका प्रथम ऊर्जा नीति को कानूनी स्वरूप देगा। इससे हम पहले से कहीं अधिक तेजी से तेल एवं गैस पाइपलाइन, खदानों और बिजली संयंत्रों का निर्माण कर सकेंगे। इससे अमेरिकी परिवारों के लिए ऊर्जा की लागत कम होगी और देश में अधिक वेतन वाले रोजगार के अवसर पैदा होंगे।'' डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ''यह कानून बिजली उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने संबंधी मेरी प्रतिबद्धता को भी कानूनी स्वरूप देगा। इसके तहत आंकड़ा केंद्रों (डेटा सेंटर) को अपनी बिजली की व्यवस्था स्वयं करनी होगी और उसका खर्च भी खुद उठाना होगा। साथ ही, उन्हें अपने स्थानीय समुदायों के विकास में निवेश करने में भी योगदान देना होगा।''

राष्ट्रपति ट्रंप ने लिखा, ''याद रखिए, चीन उन सभी आंकड़ा केंद्रों को अपने यहां ले जाने के लिए तैयार है, जिन्हें हम नहीं चाहते। इसके लिए वह भारी धनराशि भी खर्च करेगा। हम पहले स्थान पर हैं और हमें अपनी यह स्थिति बनाए रखनी है। आज ही अपने सीनेटर को फोन कीजिए और उनसे इस विधेयक के पक्ष में मतदान करने के लिए कहिए।'' ट्रंप के अनुसार, इस विधेयक के लागू होने से तेल एवं गैस पाइपलाइन, खनन परियोजनाओं और बिजली संयंत्रों के निर्माण में लगने वाला समय कम हो सकेगा। इससे ऊर्जा की लागत घटाने और अमेरिकी नागरिकों के लिए बेहतर वेतन वाले रोजगार के अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने अमेरिकी नागरिकों से अपने-अपने सीनेटरों से संपर्क कर विधेयक के पक्ष में मतदान करने का आग्रह भी किया। अमेरिकी कांग्रेस के अनुसार, वर्ष 2026 का द्विदलीय अमेरिकी वहनीयता एवं रोजगार विधेयक 30 सितंबर को सीनेट में एस. 5653 के रूप में पेश किया गया था। इसे शेली मूर कैपिटो, शेल्डन व्हाइटहाउस, माइक ली और मार्टिन हेनरिक सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के सीनेटरों ने प्रस्तुत किया।

417 पृष्ठों के इस विधेयक में राष्ट्रीय पर्यावरण नीति कानून के तहत होने वाली पर्यावरणीय समीक्षा सहित संघीय स्तर पर परियोजनाओं को मंजूरी देने की मौजूदा प्रक्रिया में बदलाव का प्रस्ताव है। इसका उद्देश्य आधारभूत ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने की राह आसान बनाना है।

विधेयक में स्वच्छ जल कानून के तहत मिलने वाली मंजूरी, लुप्तप्राय जीव-जंतुओं से संबंधित परामर्श और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण से जुड़ी समीक्षा प्रक्रियाओं में भी बदलाव प्रस्तावित हैं। इसके अतिरिक्त, कुछ अंतरराज्यीय बिजली पारेषण परियोजनाओं पर संघीय ऊर्जा नियामक आयोग के अधिकार क्षेत्र का विस्तार करने की बात कही गई है। साथ ही, नवीकरणीय ऊर्जा, भू-तापीय ऊर्जा, जलविद्युत और समुद्र में स्थापित होने वाली ऊर्जा परियोजनाओं को मंजूरी देने की प्रक्रिया तेज करने का प्रस्ताव है।

इस विधेयक को सीनेट की ऊर्जा एवं प्राकृतिक संसाधन समिति के पास विचार के लिए भेजा गया है। इसका प्रबंधकीय संशोधन 7 नवंबर को जारी किया गया। सीनेट में विधेयक को आगे बढ़ाने के प्रस्ताव पर बहस समाप्त करने संबंधी मतदान की प्रक्रिया भी निर्धारित की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद