ट्रंप ने लेक ओंटारियो का नाम बदलकर ‘लेक अमेरिका’ करने के आदेश पर किए हस्ताक्षर

 


वॉशिंगटन, 27 अगस्त (हि.स.)। अमेरिका और कनाडा में बढ़ते व्यापारिक तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक और बड़ा फैसला लिया है। ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर लेक ओंटारियो का नाम बदलकर ‘लेक अमेरिका’ करने के निर्देश दिए हैं।

ट्रंप ने ओवल ऑफिस में प्रेस के सामने इस आदेश पर हस्ताक्षर किए और अमेरिकी गृह विभाग को नाम परिवर्तन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस बदलाव के बारे में वह लंबे समय से सोच रहे थे।

ट्रंप ने कनाडा के साथ व्यापारिक संबंधों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कनाडा अमेरिका के साथ उचित व्यवहार नहीं करता। उनके अनुसार, व्यापार के मामले में सबसे मुश्किल देशों की बात की जाए तो कनाडा का नाम सबसे ऊपर आता है।

यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब सप्ताहांत में अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापार वार्ता विफल हो गई। इसके बाद दोनों देशों ने एक-दूसरे के सामानों पर नए और भारी शुल्क लगाने शुरू कर दिए, जिससे पहले से जारी टैरिफ विवाद और गहरा गया है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय