ईरान के दावों के बीच ट्रंप का बड़ा बयान, बोले- अमेरिका-ईरान वार्ता जारी
वॉशिंगटन/तेहरान, 01 जून (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच जारी कूटनीतिक प्रयासों को लेकर एक बार फिर विरोधाभासी संकेत सामने आए हैं। जहां ईरानी सरकारी मीडिया ने दावा किया कि तेहरान ने लेबनान में इजराइली सैन्य कार्रवाई के विरोध में अमेरिका के साथ बातचीत स्थगित कर दी है, वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि दोनों देशों के बीच वार्ता लगातार जारी है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट करते हुए कहा कि “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के साथ बातचीत तेज गति से जारी है।” उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरानी मीडिया में वार्ता निलंबित किए जाने की खबरें प्रसारित हो रही हैं।
ईरानी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, लेबनान में बढ़ते सैन्य तनाव और इजराइल की कार्रवाई को लेकर तेहरान ने नाराजगी जताई है। रिपोर्टों में कहा गया कि क्षेत्रीय हालात सामान्य होने तक बातचीत की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। हालांकि, ईरान की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक विस्तृत घोषणा सामने नहीं आई है।
इस बीच ट्रंप ने एक अन्य पोस्ट में बताया कि उनकी इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत हुई है। ट्रंप के अनुसार, यह चर्चा सकारात्मक रही और नेतन्याहू ने उन्हें आश्वस्त किया कि इजराइली सेना बेरूत में जमीनी सैनिक नहीं भेजेगी।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय