हूती हमलों पर ट्रंप की ईरान को चेतावनी, फ्रांस ने भी जताई चिंता

 

वॉशिंगटन/पेरिस, 23 जुलाई (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यमन के हूती विद्रोहियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उन्होंने समुद्री जहाजों पर दोबारा हमला किया तो अमेरिका इसके लिए ईरान को भी जिम्मेदार मानेगा और दोनों के खिलाफ सख्त सैन्य कार्रवाई की जाएगी। वहीं, फ्रांस ने भी हूती विद्रोहियों से सऊदी अरब के तेल टैंकरों पर हमले तत्काल रोकने की अपील की है।

ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच 'ट्रुथ सोशल' पर जारी संदेश में दावा किया कि हूती विद्रोहियों ने बुधवार रात सऊदी अरब के दो जहाजों को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि हूती संगठन ईरान के समर्थन और प्रभाव में काम करता है, इसलिए भविष्य में ऐसे किसी भी हमले की जिम्मेदारी केवल हूतियों की नहीं, बल्कि ईरान की भी मानी जाएगी। ट्रंप ने कहा कि यदि हमले दोहराए गए तो अमेरिका दोनों के खिलाफ कठोर सैन्य कार्रवाई करेगा।

उधर, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने फिलीपींस की राजधानी मनीला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान हूती विद्रोहियों से तनाव कम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अब तक हूती इस व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष से काफी हद तक दूर रहे थे, लेकिन अब वे सऊदी अरब और उसके जहाजों को निशाना बनाकर स्थिति को और जटिल बना रहे हैं। रुबियो ने आरोप लगाया कि ईरान के प्रभाव में आकर हूती इस संघर्ष में और गहराई से शामिल हो गए हैं।

इस बीच, फ्रांस ने भी हूती विद्रोहियों के हालिया हमलों पर चिंता व्यक्त की है। फ्रांसीसी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि सऊदी अरब के तेल टैंकरों पर किए जा रहे हमले गैर-जिम्मेदाराना हैं और इससे पहले से तनावग्रस्त क्षेत्र की स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। उन्होंने हूती विद्रोहियों से तत्काल हमले बंद करने और क्षेत्र में तनाव कम करने की दिशा में कदम उठाने की अपील की।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय