मिस्र के गीजा में दो ट्रेनों की टक्कर, चार यात्रियों की मौत; 88 घायल
काहिरा, 08 नवंबर (हि.स.)। मिस्र की राजधानी काहिरा के दक्षिण में स्थित गीजा क्षेत्र में रविवार को दो यात्री ट्रेनें आपस में टकरा गईं। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 88 अन्य घायल हुए हैं। टक्कर के बाद कई डिब्बे पटरी से उतर गए। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मिस्र के रेलवे प्राधिकरण के अनुसार, गीजा से फय्यूम जा रही एक ट्रेन ने काहिरा से दक्षिणी शहर असवान की ओर जा रही दूसरी ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा गीजा के अल-अय्यात इलाके में हुआ।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुरुआती आंकड़ों के हवाले से बताया कि दुर्घटना में चार यात्रियों की जान गई है और 88 घायलों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने दुर्घटना पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच करने और लापरवाही का दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ जवाबदेही तय करने का निर्देश दिया है।
अल-अय्यात इलाका पहले भी रेल हादसों का गवाह रहा है। वर्ष 2002 में काहिरा के दक्षिण में छुट्टियां मनाने जा रहे यात्रियों से भरी एक ट्रेन में आग लगने से 370 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, 2009 में इसी इलाके में हुई कई रेल दुर्घटनाओं में भी दर्जनों लोगों की जान गई थी।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय