सीरिया में दो यात्री बसों की भीषण टक्कर, 35 लोगों की मौत, 30 घायल

 


- घायलों को सैन्य हेलीकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया

दमिश्क, 25 जुलाई (हि.स.)। सीरिया में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में 35 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल हो गए। सरकारी समाचार एजेंसी 'सना' के अनुसार, यह दुर्घटना देइर अल-जोर से दमिश्क जाने वाले राजमार्ग पर दो यात्री बसों की आमने-सामने की टक्कर में हुई।

रिपोर्ट के अनुसार, दुर्घटना में एक बस आंतरिक सुरक्षा बल के कर्मियों को लेकर जा रही थी, जबकि दूसरी एक नागरिक यात्री बस थी। हादसे के बाद घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान तत्काल शुरू किया गया।

घायलों को सुरक्षित निकालने और मृतकों के शवों को घटनास्थल से हटाने के लिए सीरियाई रक्षा मंत्रालय के हेलीकॉप्टरों की मदद ली गई। सना के मुताबिक, घायलों और मृतकों को पालमायरा हवाई अड्डे से होम्स स्थित सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया।

सीरिया के विदेश मंत्री असद अल-शैबानी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

फिलहाल दुर्घटना के कारणों का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया गया है। संबंधित अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय