स्वीडन फिर पोलैंड में तैनात करेगा ग्रिपेन लड़ाकू विमान

 

स्टॉकहोम, 30 सितंबर (हि.स.)। स्वीडन अक्टूबर से पोलैंड में नाटो के हवाई क्षेत्र निगरानी मिशन के तहत अपने ग्रिपेन लड़ाकू विमान तैनात करेगा। स्वीडन सरकार ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

सरकार के अनुसार, ये विमान नाटो की हवाई और मिसाइल रक्षा क्षमता को मजबूत करने के साथ दक्षिण-पूर्वी पोलैंड में स्थित एक महत्वपूर्ण लॉजिस्टिक्स केंद्र की सुरक्षा में योगदान देंगे। इस केंद्र का इस्तेमाल यूक्रेन को सैन्य और नागरिक सहायता पहुंचाने के लिए किया जाता है।

नाटो में 2024 में शामिल हुआ स्वीडन इससे पहले 2025 में भी इस मिशन के लिए अपने लड़ाकू विमान उपलब्ध करा चुका है। स्वीडन के रक्षा मंत्री पाल जॉनसन ने कहा कि गंभीर सुरक्षा स्थिति और नाटो के हवाई क्षेत्र के बार-बार उल्लंघन से पूर्वी हिस्से में उच्च सैन्य तैयारी की जरूरत बढ़ गई है।

सरकार के मुताबिक, स्वीडन की रक्षा कंपनी साब द्वारा निर्मित ग्रिपेन विमान मुख्य रूप से स्वीडन में ही तैनात रहेंगे और वहीं से इस मिशन में योगदान देंगे।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय