सूरीनाम के पूर्व राष्ट्रपति चंद्रिकाप्रसाद संतोखी का निधन, 67 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस
पारामारिबो, 31 मार्च (हि.स.)। दक्षिण अमेरिकी देश सूरीनाम के पूर्व राष्ट्रपति चंद्रिकाप्रसाद संतोखी का सोमवार को अचानक निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे। उनके निधन की पुष्टि देश की वर्तमान राष्ट्रपति जेनिफर सिमंस ने की।
संतोखी ने वर्ष 2020 से 2025 तक सूरीनाम के राष्ट्रपति के रूप में कार्य किया था। वह प्रोग्रेसिव रिफॉर्म पार्टी के अध्यक्ष भी थे और इससे पहले 2005 से 2010 के बीच देश के न्याय मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके थे।
राष्ट्रपति जेनिफर साइमंस ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि संतोखी का सार्वजनिक जीवन में योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा। उन्होंने देश के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए उल्लेखनीय सेवाएं दीं।
हालांकि, उनके निधन के कारणों का तत्काल खुलासा नहीं किया गया है।
संतोखी के अचानक निधन से देश में शोक की लहर है और राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों से उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय