होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे जहाज पर हमला, यूकेएमटीओ ने जारी की चेतावनी

 


तेहरान, 13 सितंबर (हि.स.)। होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने बताया कि 12 सितंबर को इस इलाके से गुजर रहे एक जहाज को अज्ञात प्रक्षेप्य ने निशाना बनाया। घटना के बाद चालक दल की स्थिति, जहाज को हुए नुकसान और पर्यावरण पर असर की तत्काल जानकारी सामने नहीं आई है। यूकेएमटीओ ने क्षेत्र में मौजूद अन्य जहाजों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने को कहा है।

यूकेएमटीओ की एक्स पोस्ट पर जारी चेतावनी (134-26) के अनुसार, इस घटना की जानकारी 12 सितंबर को रात 11 बजे (23:00 यूटीसी) मिली। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां चौकस हो गई हैं। यूकेएमटीओ ने चेतावनी में स्पष्ट किया है कि शुरुआती रिपोर्ट में जहाज पर सवार चालक दल की स्थिति, जहाज को हुए नुकसान का दायरा और इससे पर्यावरण पर पड़ने वाले असर को लेकर कोई तत्काल सटीक जानकारी नहीं मिल सकी है। स्थिति का आकलन किया जा रहा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए यूकेएमटीओ ने होर्मुज जलडमरूमध्य और आसपास के समुद्री क्षेत्र से गुजरने वाले सभी जहाजों को अत्यधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी है। इसके साथ ही, सुरक्षा अधिकारियों द्वारा मामले की पूरी जांच जारी रहने तक किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने का निर्देश दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद