सोमालिया में अगले साल मई में होगा राष्ट्रपति चुनाव

 


मोगादिशु, 16 अक्टूबर (हि.स.)। अफ्रीका के हॉर्न क्षेत्र में स्थित सोमालिया में राष्ट्रपति चुनाव अगले साल 15 मई को होगा। देश के चुनाव आयोग ने गुरुवार को इसकी घोषणा की। आयोग के अध्यक्ष अब्दिकारिम अहमद हसन ने सरकारी प्रसारक के माध्यम से बताया कि संसद के निचले और ऊपरी सदन के सदस्यों के चुनाव 15 अप्रैल 2027 को कराए जाएंगे।

राष्ट्रपति हसन शेख मोहम्मद का मौजूदा कार्यकाल मई 2026 में समाप्त होना था। हालांकि, मार्च में सांसदों ने संविधान में ऐसे बदलावों को मंजूरी दी, जिनसे उनका कार्यकाल एक साल तक बढ़ने का रास्ता खुल गया। इस कदम की विपक्षी दलों ने आलोचना की थी।

सोमालिया की सरकार के सामने राजनीतिक चुनौतियों के साथ सुरक्षा का संकट भी बना हुआ है। अल-कायदा से जुड़े चरमपंथी संगठन अल-शबाब के खिलाफ सरकार करीब दो दशक से संघर्ष कर रही है। अफ्रीकी संघ के शांति मिशन के समर्थन से सोमालियाई सेना ने संगठन को कई क्षेत्रों से पीछे धकेला है, लेकिन अल-शबाब अब भी ग्रामीण इलाकों के बड़े हिस्से में प्रभाव रखता है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय