होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा बहाली के लिए अमेरिका को अपनी प्रतिबद्धताएं पूरी करनी होंगी : ईरान
तेहरान, 23 नवंबर (हि.स.)। ईरान ने कहा है कि यदि अमेरिका अपनी प्रतिबद्धताएं पूरी करता है और तेहरान की शर्तों को स्वीकार करता है, तो होर्मुज जलडमरूमध्य और क्षेत्र में सुरक्षा जल्द से जल्द बहाल की जा सकती है।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सोमवार को यह बात कही। तेहरान में साप्ताहिक संवाददाता सम्मेलन के दौरान बघाई से विदेश मंत्री अब्बास अराघची के उस बयान के बारे में पूछा गया था, जिसमें उन्होंने अमेरिकी प्रतिबद्धताएं पूरी होने पर दो घंटे के भीतर जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की बात कही थी। सरकारी समाचार एजेंसी 'इरना' के अनुसार बघाई ने स्पष्ट किया कि ईरान अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए तैयार है। यदि दूसरा पक्ष संबंधित शर्तों को पूरा करता है, तो ईरान भी कम से कम समय में अपनी जिम्मेदारियां निभा सकता है।
बघाई ने कहा कि ईरान अपनी प्रतिबद्धताओं के पालन, अपने अधिकारों की रक्षा और निर्धारित शर्तों को लेकर गंभीर है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अमेरिका की ओर से प्रतिबद्धताएं पूरी किए जाने पर होर्मुज जलडमरूमध्य और क्षेत्र में सुरक्षा बहाल करने की प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे से जुड़ी जटिलताओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
प्रवक्ता के मुताबिक, ईरान कोई असामान्य मांग नहीं कर रहा है, बल्कि अपने अधिकारों के दायरे में आने वाले मुद्दों पर जोर दे रहा है। उन्होंने कहा कि ये न तो नई पूर्व शर्तें हैं और न ही अधिकारों से बाहर की मांगें, बल्कि ईरानी जनता के अधिकारों का अभिन्न हिस्सा हैं।
परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) से अलग होने की संभावना पर पूछे गए सवाल के जवाब में बघाई ने कहा कि विदेश मंत्रालय को इस संबंध में अब तक कोई निर्णय सूचित नहीं किया गया है। ईरान वर्ष 1970 से इस संधि का सदस्य है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय