बहरीन में औद्योगिक ठिकाने पर हमले की सऊदी अरब और कतर ने की निंदा

 

रियाद/दोहा, 22 नवंबर (हि.स.)। बहरीन में एक औद्योगिक प्रतिष्ठान पर हुए हमले को लेकर खाड़ी क्षेत्र में कूटनीतिक प्रतिक्रिया सामने आई है। सऊदी अरब और कतर ने इस घटना की निंदा करते हुए बहरीन के प्रति समर्थन जताया है। इस हमले में दो लोग घायल हुए हैं। इनमें एक दिव्यांग बहरीनी नागरिक की हालत स्थिर है, जबकि पाकिस्तानी मूल के एक निवासी की स्थिति गंभीर बताई गई है।

सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है। रियाद ने आरोप लगाया कि इस तरह की कार्रवाई क्षेत्रीय स्थिरता को प्रभावित करती है, नागरिक ठिकानों को निशाना बनाती है और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है। सऊदी अरब ने यह भी कहा कि वह अपनी सुरक्षा के लिए बहरीन की ओर से उठाए जाने वाले किसी भी कदम का समर्थन करेगा।

कतर ने भी हमले की निंदा करते हुए इसे बहरीन की संप्रभुता का उल्लंघन और अंतरराष्ट्रीय कानून तथा संयुक्त राष्ट्र चार्टर के प्रावधानों के विपरीत बताया। कतर के विदेश मंत्रालय के अनुसार इस घटना से क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को खतरा पैदा हो सकता है। इससे कूटनीतिक प्रयासों के साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति स्थापित करने की कोशिशें भी प्रभावित हो सकती हैं।

कतर इस समय ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। ऐसे में दोहा की प्रतिक्रिया को क्षेत्रीय कूटनीतिक परिस्थितियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय