खारकीव में पार्क पर ड्रोन हमला, तीन बच्चों समेत छह की मौत

 

कीव, 19 अक्टूबर (हि.स.)। यूक्रेन के उत्तर-पूर्वी खारकीव क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को पार्क पर हुए ड्रोन हमले में तीन बच्चों समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। क्षेत्रीय गवर्नर ओलेह सिनीहुबोव ने यह जानकारी दी। यूक्रेनी अधिकारियों ने हमले के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराया है।

सिनीहुबोव ने सोशल मीडिया मंच 'टेलीग्राम' पर बताया कि हमला खारकीव शहर के दक्षिण-पश्चिम में स्थित एक गांव में हुआ। उन्होंने शुरुआत में हमले में 15 लोगों के घायल होने की जानकारी दी थी। बाद में मृतकों की संख्या छह बताई, जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं।

यूक्रेन के गृह मंत्री इवान विहिव्स्की के अनुसार, ड्रोन ने उस पार्क को निशाना बनाया, जहां परिवार अपने बच्चों के साथ समय बिता रहे थे। हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों की स्थिति और उनकी उम्र को लेकर अधिकारियों ने विस्तृत जानकारी नहीं दी है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय