यूक्रेन के ड्रोन हमलों से रूस के लॉजिस्टिक्स सेंटर और तेल डिपो प्रभावित

 


मॉस्को/कीव, 22 जुलाई (हि.स.)। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसकी सेना ने यूक्रेन के ओडेसा क्षेत्र में स्थित सैन्य ठिकानों पर सटीक हमले किए। दूसरी ओर यूक्रेनी ड्रोन हमलों में दक्षिणी रूस के कई महत्वपूर्ण ठिकानों को नुकसान पहुंचा है।

रूसी टेलीविजन नेटवर्क रशिया टुडे

ने रूसी अधिकारियों के हवाले से बताया कि यूक्रेनी ड्रोन ने रूस की प्रमुख ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के दक्षिणी रूस स्थित दो लॉजिस्टिक्स सेंटरों को निशाना बनाया। इन हमलों में कई कर्मचारी घायल हुए, जबकि अलग-अलग घटनाओं में एक तेल डिपो में आग लगने से एक कर्मचारी की मौत हो गई।

कंपनी की संस्थापक तात्याना किम ने पुष्टि की कि स्टावरोपोल क्षेत्र के क्रास्नोडार और नेविन्नोमिस्क स्थित लॉजिस्टिक्स परिसरों पर रात में हमला हुआ। हमले के बाद दोनों परिसरों को तुरंत खाली कराया गया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

क्रास्नोडार के गवर्नर वेनियामिन कोंद्रात्येव ने बताया कि गोदाम में कार्यरत 10 कर्मचारी घायल हुए हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। ड्रोन के मलबे से आसपास की दो अपार्टमेंट इमारतों और दो निजी मकानों को भी नुकसान पहुंचा, हालांकि वहां किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

नेविन्नोमिस्क में भी ड्रोन हमले के बाद पांच लोगों को चिकित्सा सहायता देनी पड़ी। स्थानीय प्रशासन ने इलाके में आपातकाल घोषित कर दिया है और दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हैं। इसी दौरान अरमावीर शहर में 16 से अधिक ड्रोन हमलों के बाद एक तेल डिपो में करीब 800 वर्ग मीटर क्षेत्र में भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई।

रूसी अधिकारियों के मुताबिक हाल के दिनों में यूक्रेनी ड्रोन हमलों में तेजी आई है। इससे पहले मॉस्को क्षेत्र के डोमोडेडोवो स्थित 'युझनी वोरोटा' इंडस्ट्रियल पार्क और इलेक्ट्रोस्टल तथा ताम्बोव क्षेत्र के कोटोव्स्क स्थित वाइल्डबेरीज की सुविधाओं को भी निशाना बनाया गया था। कोटोव्स्क में सात कर्मचारियों की मौत हुई थी, जबकि इलेक्ट्रोस्टल में एक व्यक्ति की जान गई और कई अन्य घायल हुए थे।

इन घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय के प्रवक्ता थमीन अल-खीतान ने जिनेवा में कहा कि नागरिकों और नागरिक ठिकानों पर जानबूझकर किए गए हमले अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के तहत युद्ध अपराध माने जाते हैं।

हाल के सप्ताहों में यूक्रेन ने रूस के भीतर स्थित तेल भंडारों, गोदामों, औद्योगिक परिसरों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों पर लंबी दूरी के ड्रोन हमले तेज किए हैं। वहीं, रूस का कहना है कि उसके जवाबी हमले केवल यूक्रेन के सैन्य और रक्षा संबंधी ठिकानों को निशाना बनाते हैं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी