ओडेसा और माइकोलाइव में यूक्रेन समर्थक ठिकानों पर रूसी हमले का दावा

 

मॉस्को, 08 अगस्त (हि.स.)। रूस के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को दावा किया कि उसकी सेना ने यूक्रेन के ओडेसा और माइकोलाइव क्षेत्रों में सैन्य ढांचे और यूक्रेन की सेना को सहायता पहुंचाने वाले जहाजों को निशाना बनाया। रूसी मंत्रालय के मुताबिक, इन हमलों में बंदरगाह से जुड़े सैन्य ठिकानों और हथियारों की आपूर्ति से संबंधित प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा है।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि काला सागर के प्रमुख बंदरगाह ओडेसा में संचार और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध उपकरण रखने वाले सैन्य गोदामों पर सटीक हवाई हथियारों और ड्रोन से हमला किया गया।

मंत्रालय के अनुसार, माइकोलाइव बंदरगाह में सैन्य उपकरण ले जा रहे एक मालवाहक जहाज और हथियार एवं सैन्य सामग्री रखने वाले एक गोदाम को निशाना बनाया गया। इसके अलावा काला सागर में यूक्रेनी सशस्त्र बलों के लिए सैन्य सामग्री ले जा रहे एक अन्य ड्राई-कार्गो जहाज पर भी हमला किए जाने का दावा किया गया है।

रूस ने इन कार्रवाइयों को यूक्रेनी सैन्य क्षमताओं और आपूर्ति तंत्र को कमजोर करने की दिशा में की गई कार्रवाई बताया है।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय