पुतिन की चेतावनी: रूस पर सीधा हमला हुआ तो सभी उपलब्ध हथियारों के इस्तेमाल का विकल्प
मॉस्को, 01 अक्टूबर (हि.स.)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि रूस किसी देश को धमकी नहीं दे रहा है, लेकिन अगर रूस पर सीधा हमला किया गया तो मॉस्को जवाब देने के लिए अपने पास उपलब्ध सभी हथियारों के इस्तेमाल पर विचार करेगा। उन्होंने यह टिप्पणी रूस और पश्चिमी देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच की।
पुतिन ने कहा कि रूस की ओर से जारी हालिया बयान और कुछ दूतावासों को भेजे गए पत्र धमकी नहीं, बल्कि रूस को मिल रही कथित धमकियों की प्रतिक्रिया हैं। उन्होंने यूरोपीय और पश्चिमी नेताओं के उन बयानों का भी उल्लेख किया, जिनमें आने वाले वर्षों में रूस के साथ संभावित युद्ध की आशंका जताई गई है।
उन्होंने विशेष रूप से रूस के कैलिनिनग्राद क्षेत्र पर सीधे हमले की स्थिति का जिक्र किया। पुतिन के मुताबिक, ऐसी स्थिति में रूस के सामने उपलब्ध सभी हथियारों के इस्तेमाल का विकल्प एजेंडे में आ सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि परमाणु हथियारों के इस्तेमाल का जोखिम तभी गंभीर होगा, जब रूस के खिलाफ खतरा भी गंभीर स्तर तक पहुंच जाए।
पुतिन ने कहा कि नाटो की सैन्य क्षमता रूस से अधिक है और ऐसे संभावित खतरे से निपटने के लिए रूस को अपनी सैन्य क्षमताओं का इस्तेमाल करना होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि रूस का 2029, 2030 या 2050 में किसी देश पर हमला करने का इरादा नहीं है।
उन्होंने यूरोपीय देशों की सरकारों पर रूस के साथ टकराव की ओर बढ़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके मुताबिक घरेलू आर्थिक और राजनीतिक समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए रूस के साथ तनाव को मुद्दा बनाया जा रहा है। पुतिन ने यूरोपीय नागरिकों से रूस की स्थिति और उनकी सरकारों के रुख में अंतर करने को कहा।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय