रूस के पूर्व उप रक्षा मंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप, जांच एजेंसी ने दर्ज किया मामला

 

मॉस्को, 05 मार्च (हि.स.)। रूस में सैन्य प्रतिष्ठान से जुड़े भ्रष्टाचार मामलों की कड़ी में एक और बड़ा मामला सामने आया है। जांच एजेंसियों ने देश के पूर्व उप रक्षा मंत्री पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।

रूसी जांच एजेंसी ने गुरुवार को बताया कि पूर्व उप रक्षा मंत्री रुस्लान त्सालिकोव पर गबन, मनी लॉन्ड्रिंग और रिश्वत लेने के आरोप लगाए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, त्सालिकोव वर्ष 2015 से 2024 तक रूस के रक्षा मंत्रालय में प्रथम उप रक्षा मंत्री के रूप में कार्यरत रहे। इस दौरान रक्षा प्रतिष्ठान से जुड़े कई वित्तीय और प्रशासनिक मामलों की जिम्मेदारी भी उनके पास थी।

पिछले वर्ष से रूसी सैन्य तंत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ व्यापक कार्रवाई चल रही है। इस अभियान के तहत कई जनरलों, उप मंत्रियों और रक्षा मंत्रालय से जुड़े नागरिक अधिकारियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इन मामलों से रूस की सैन्य व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और वित्तीय अनियमितताओं पर नियंत्रण करने की कोशिश की जा रही है। जांच एजेंसी ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आवश्यक सबूत जुटाए जा रहे हैं।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय