ओडेसा में रूस का ‘डबल-टैप’ हमला, चार लोगों की मौत, बचावकर्मी भी बने निशाना

 


कीव, 18 नवंबर (हि.स.)। यूक्रेन के दक्षिणी शहर ओडेसा के ऐतिहासिक केंद्र पर रूसी हमलों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हुए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हमले को ‘बर्बर’ बताते हुए आरोप लगाया कि रूसी सेना ने बचावकर्मियों और पुलिस अधिकारियों को भी निशाना बनाया।

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि बचावकर्मियों और पुलिस अधिकारियों के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद दोबारा हमले किए गए। इस तरह के हमलों को सैन्य भाषा में ‘डबल-टैप’ कहा जाता है, जिसमें पहले हमले के बाद राहत और बचाव कार्य के लिए पहुंचे लोगों को निशाना बनाते हुए दूसरा हमला किया जाता है।

जेलेंस्की ने इसे ‘बर्बर और जानबूझकर किया गया हमला’ करार दिया। उन्होंने कहा कि यह घटना इस बात का एक और प्रमाण है कि रूस वास्तव में क्या चाहता है और कूटनीतिक प्रयासों को किस नजर से देखता है।

क्षेत्रीय गवर्नर ओलेह किपर ने 'टेलीग्राम' पर बताया कि यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल शहर के ऐतिहासिक केंद्र पर तीन बार हमले किए गए। उन्होंने कहा कि सुबह हुए रूसी हमलों में हताहतों की कुल संख्या बढ़कर 13 हो गई है, जिनमें चार लोगों की मौत हुई है।

काला सागर के तट पर स्थित ओडेसा यूक्रेन का एक प्रमुख बंदरगाह शहर है। युद्ध शुरू होने के बाद से यह रूसी गोलाबारी और हवाई हमलों का सामना कर रहा है। शहर के बंदरगाह ढांचे और मालवाहक जहाजों को भी पहले निशाना बनाया जा चुका है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय