प्योंगयांग में रूस-उत्तर कोरिया की बढ़ती नजदीकियां, रक्षा मंत्री बेलोसोव ने किम जोंग-उन से की मुलाकात

 

प्योंगयांग, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन और रूस के रक्षा मंत्री आंद्रेई बेलोसोव के बीच रविवार को प्योंगयांग में अहम बैठक हुई। रूसी मीडिया के अनुसार, इस बैठक में दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग की वर्तमान स्थिति और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

रूस की सरकारी समाचार एजेंसी 'टास' के मुताबिक, बातचीत के दौरान बेलोसोव ने कहा कि रूस और उत्तर कोरिया के रक्षा मंत्रालयों ने सैन्य सहयोग को दीर्घकालिक और स्थायी आधार पर ले जाने पर सहमति जताई है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि दोनों देश 2027-2031 की अवधि के लिए एक व्यापक सैन्य सहयोग योजना पर इसी वर्ष हस्ताक्षर करने के लिए तैयार हैं।

बेलोसोव ने किम जोंग-उन से मुलाकात को “सम्मान की बात” बताते हुए उत्तर कोरिया द्वारा रूसी प्रतिनिधिमंडल के गर्मजोशी से स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रूस और उत्तर कोरिया के बीच द्विपक्षीय संबंध इस समय “अभूतपूर्व ऊंचाई” पर हैं।

बैठक के दौरान बेलोसोव ने उत्तर कोरिया द्वारा रूसी सैन्य प्रतिनिधिमंडल को एक स्मारक संग्रहालय और मेमोरियल कॉम्प्लेक्स के उद्घाटन में आमंत्रित करने के फैसले की सराहना की। उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक अवसर बताते हुए इसमें भागीदारी को गर्व की बात बताया।

हाल के वर्षों में रूस और उत्तर कोरिया के बीच सामरिक संबंध तेजी से मजबूत हुए हैं। 2024 में किम जोंग-उन और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच रणनीतिक साझेदारी समझौता होने के बाद सहयोग में नई तेजी आई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तर कोरिया ने रूस-यूक्रेन युद्ध में रूस की मदद के लिए हजारों सैनिक भी तैनात किए थे। ऐसे में दोनों देशों के बीच बढ़ता सैन्य सहयोग वैश्विक राजनीति और सुरक्षा संतुलन पर महत्वपूर्ण प्रभाव डाल सकता है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय